15 अगस्त से पहले दिल्ली में ट्रैफिक पर ब्रेक, 13 और 15 अगस्त के लिए जारी हुआ रूट प्लान

इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नेताजी सुभाष मार्ग पर दिल्ली गेट से चट्टा रेल चौक तक, लोहिया रोड पर जीपीओ से चट्टा रेल चौक तक, एस.पी. मुखर्जी मार्ग पर एच.सी. सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक तथा चांदनी चौक रोड पर फाउंटेन चौक से लाल किले तक सामान्य यातायात बंद रहेगा। इसके अलावा निशाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और उससे जुड़े लिंक रोडों के साथ-साथ राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड के कुछ हिस्सों पर भी सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। इन मार्गों पर केवल अधिकृत और निर्धारित लेबल वाले वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
इन इलाकों से बचने की सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि सुबह 4 बजे से 10 बजे तक बिना पार्किंग लेबल वाले वाहनों को कई प्रमुख मार्गों और चौराहों से बचने की सलाह दी गई है। इनमें इंडिया गेट का सी-हेक्सागन, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, डब्ल्यू प्वाइंट, ए-प्वाइंट, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग और रिंग रोड के संबंधित हिस्से शामिल हैं।
उत्तर और दक्षिण दिल्ली के बीच ये होंगे वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, उत्तर और दक्षिण दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोग ऑरोबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का उपयोग कर सकते हैं। इन मार्गों के जरिए लोग प्रतिबंधित क्षेत्रों से बचते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
उत्तर दिल्ली जाने के लिए ये रास्ते रहेंगे उपलब्ध
कनॉट प्लेस से उत्तर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन मिंटो रोड, भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, लाहौरी गेट चौक, नया बाजार और पीली कोठी के रास्ते का उपयोग कर सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इन मार्गों पर आवाजाही अपेक्षाकृत सुगम रहेगी।
यमुना पार करने वालों के लिए विशेष व्यवस्था
यमुना पार जाने या वहां से आने वाले वाहन चालकों को निजामुद्दीन ब्रिज, पुश्ता रोड, जीटी रोड और युधिष्ठिर सेतु का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इन मार्गों के जरिए पूर्वी और मध्य दिल्ली के बीच आवागमन किया जा सकेगा।
पूर्व-पश्चिम दिल्ली के लिए वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोग एनएच-24/एनएच-9, निजामुद्दीन, बारापुला रोड और रिंग रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये मार्ग प्रतिबंधित क्षेत्रों से बचते हुए आवाजाही के लिए उपयुक्त रहेंगे। डीएनडी फ्लाईवे से आने वाले वाहनों को बारापुला रोड या आश्रम चौक के रास्ते रिंग रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, विकास मार्ग से आने वाले वाहन आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग और मिंटो रोड के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
यमुना पार करने वालों के लिए खुले रहेंगे ये रास्ते
पुलिस के मुताबिक, पुश्ता रोड, जीटी रोड, युधिष्ठिर सेतु और आईएसबीटी के मार्ग भी यातायात के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके अलावा डीएनडी-एनएच-24-युधिष्ठिर सेतु-सिग्नेचर ब्रिज-वजीराबाद ब्रिज होते हुए रिंग रोड तक पहुंचने का मार्ग भी खुला रहेगा।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ओल्ड आयरन ब्रिज और गीता कॉलोनी ब्रिज से शांति वन की ओर जाने वाला मार्ग दोनों दिनों बंद रहेगा। इसलिए वाहन चालकों को इन रास्तों का उपयोग करने से बचने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों को आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी के बीच इंटरस्टेट बसों का संचालन भी प्रतिबंधित रहेगा। डीटीसी समेत स्थानीय बसों को कश्मीरी गेट आईएसबीटी से निजामुद्दीन खट्टा के बीच रिंग रोड पर चलने की अनुमति नहीं होगी। इन बसों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
लाल किला और पुरानी दिल्ली जाने वाली बसों के रूट बदलेंगे
लाल किला, जामा मस्जिद और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली बसों के रूट में भी बदलाव किया जाएगा। दक्षिण और पश्चिम दिल्ली से आने वाली बसों को जेएलएन मार्ग पर रामलीला मैदान के पास रोकने या डायवर्ट करने की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली से आने वाली बसों को मोरी गेट और तीस हजारी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। रिंग रोड की तरफ से उत्तर दिल्ली की ओर आने वाली बसों को महाराजा अग्रसेन पार्क के सामने बुलेवार्ड रोड तक भेजा जाएगा।
सुबह 11 बजे के बाद सामान्य होगी बस सेवा
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, विशेष यातायात व्यवस्था के तहत बसों के रूट में किए गए बदलाव अस्थायी होंगे। सामान्य बस सेवा सुबह 11 बजे के बाद बहाल कर दी जाएगी। पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले रूट की जानकारी लें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। 13 और 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से 10 बजे तक लाल किले और आसपास के क्षेत्रों में सामान्य वाहनों की आवाजाही पर भी कई प्रतिबंध लागू रहेंगे। ऐसे में लोगों से ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।











