अस्पताल में दबंगई का मामला: BJYM जिलाध्यक्ष पर डॉक्टर को धमकाने का आरोप, FIR दर्ज

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दबंगई दिखाने का मामला सामने आया है। मुंगेली भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष तरुण खांडेकर पर ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के साथ बदसलूकी करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात मेडिकल अफसर डॉ. अभिषेक पात्रो के अनुसार, 24 जनवरी की रात करीब 9:40 बजे आरोपी अपनी मां को लेकर अस्पताल पहुंचा था। उसने चिकित्सकीय नियमों को दरकिनार कर अपने अनुसार इलाज कराने का दबाव बनाया। जब डॉक्टर ने नियमों के तहत ऐसा करने से इनकार किया, तो आरोपी भड़क गया।
आरोप है कि तरुण खांडेकर ने अस्पताल परिसर में गाली-गलौज की और डॉक्टर को धमकाते हुए कहा कि वह उसे नहीं जानता। उसने राजनीतिक रसूख का हवाला देकर डराने की कोशिश की और मनमाने तरीके से इलाज कराने का दबाव बनाया। इस दौरान उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
डॉ. पात्रो ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना के बाद वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, खासकर रात की ड्यूटी के दौरान। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी आरोपी की होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तखतपुर पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि आरोपी भाजपा युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष है और उसके पिता पूर्व विधायक रह चुके हैं। उसका संबंध एक पूर्व मंत्री के परिवार से भी बताया जा रहा है। साथ ही उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। वर्ष 2018 में उस पर और उसके भाई पर पुलिसकर्मियों से मारपीट और जानलेवा हमले के आरोप में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
इस घटना के बाद स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन से अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है।











