CG News: पुलिसकर्मियों से मारपीट के मामले में तीन युवक गिरफ्तार, रावण दहन कार्यक्रम के दौरान शराब के नशे में किया था हंगामा

CG News: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी थाना अंतर्गत कोरिया चौकी क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है।
यहां पोखरी तिराहा में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और बदसलूकी करने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 2 अक्टूबर को रावण दहन कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
इसी दौरान निखिल सिंह, रवि विश्वकर्मा, नितेश विश्वकर्मा, विकास प्रधान और ओम पांडेय नामक युवक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। वे सभी शराब के नशे में थे और सार्वजनिक रूप से डांस करते हुए हंगामा कर रहे थे।
जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें सार्वजनिक स्थल पर ऐसा करने से रोका, तो युवकों ने तीन पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की।
इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए जातिगत शब्दों का भी प्रयोग किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
पुलिसकर्मियों की शिकायत पर कोरिया चौकी पुलिस ने इन युवकों के विरुद्ध मामला दर्ज किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि, इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।











