CG Weather Update : रायपुर में प्री-मानसून बारिश से मिली राहत, अगले 3 दिनों में मानसून के छत्तीसगढ़ पहुंचने के आसार

रायपुर, 09 जून 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश प्री-मानसून गतिविधि का हिस्सा है।

मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि अगले 3 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। इसके लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। वहीं अगले 5 दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

प्रदेश के कई इलाकों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 11 जून के बाद बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

तापमान का हाल

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई है। बस्तर के तोकापाल में 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसका प्रभाव छत्तीसगढ़ तक भी देखा जा रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com