छत्तीसगढ़ की मंत्री बोली-मोदी ईश्वर के समान:लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा-मोदी का छत्तीसगढ़ आना ही बड़ी बात, कुछ देकर ही जाएंगे

छत्तीसगढ़ की महिला व बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ईश्वर के समान बताया है। मंत्री राजवाड़े का बयान सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के रजत जयंती समारोह में आएंगे। पीएम मोदी का होना ही हम लोगों के लिए गर्व की बात है। उनसे सौगात मिल ही रही है और मिलेगी भी।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का यह वीडियो दो दिन पहले का है। वे सिलफिली में 11.39 करोड़ के दो सड़कों का भूमिपूजन करने पहुंची थीं। ये सड़क सिलफिली से बनारस रोड तक एवं एनएच 43 से रविंद्रनगर तक की हैं। इस सड़कों के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इन सड़कों की स्वीकृति को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

मोदी को बताया ईश्वर के समान

लक्ष्मी राजवाड़े ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ निर्माण के 25 वर्ष पूरा होने पर रजत जयंती समारोह में शामिल होने आ रहे हैं। ये हम सबके लिए हर्ष की बात है। मोदी जी का होना ही हम सबके लिए गर्व की बात है। छत्तीसगढ़ में उनका आगमन हो रहा है। इस धरती पर उनका आगमन हो रहा है।

लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ऐसी शख्सियत का, जिन्हें हम ईश्वर के रूप में देखते हैं। सौगात तो मिल ही रही है। मोदी जी आएंगे 1 तारीख को तो और भी सौगात मिलेेगी।

एमपी व यूपी के मंत्री भी बता चुके हैं मोदी को ईश्वर

इसके पहले मध्यप्रदेश के मंत्री कमल पटेल ने पीएम मोदी को ईश्वर के समान बताया था। वे कोविड काल के बाद अपने एक बयान में मोदी को ईश्वर का अवतार बताया था। वहीं यूपी के मंत्री उपेंद्र तिवारी ने भी मोदी की तारीफ करते हुए कहा था कि वे साधारण इंसान नहीं हैं, वे भगवान के अवतार हैं।

मोदी को ईश्वर बताने वालों की फेहरिस्त में शामिल हुई लक्ष्मी राजवाड़े वर्ष 2023 के चुनाव में पहली बार जीतकर विधानसभा पहुंची हैं। पहली बार विधायक बनने के साथ ही वे छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री हैं। लक्ष्मी अपने बयानों को लेकर पहले भी मीडिया में चर्चा में रही हैं।