छत्तीसगढ़ में तीन दिन और रहेगी गर्मी, फिर बदलेगा मौसम; बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में फिलहाल गर्मी का असर बना हुआ है और अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। शुक्रवार को एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं आज भी कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हसौद, भटगांव और देवभोग जैसे इलाकों में करीब 10 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल से ओडिशा तक बने ट्रफ के असर से प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है। इसी दौरान सरगुजा क्षेत्र में तेज आंधी-बारिश और बिजली गिरने की घटना में एक नाबालिग बच्ची की मौत हो गई।
आने वाले दो दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बदलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।











