CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ पोर्टल, पात्र महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2500

सीएम रेखा गुप्ता बोलीं- महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी योजना

पोर्टल लॉन्च कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली लक्ष्मी योजना राजधानी की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है, जिससे लाखों महिलाओं को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि पोर्टल शुरू होते ही बड़ी संख्या में महिलाओं ने आवेदन करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, “आज से पोर्टल शुरू हो गया है और रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो गया है। मुझे लगता है कि लगभग 500 बहनों ने सफलतापूर्वक अपने फॉर्म भर दिए हैं।”

सीएम ने दिल्ली की महिलाओं को दी बधाई

योजना लॉन्च होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश साझा किया। रेखा गुप्ता ने लिखा, “दिल्ली की मेरी सभी बहनों को हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं। आज से दिल्ली लक्ष्मी योजना के पंजीकरण पोर्टल https://dly.delhi.gov.in का शुभारंभ हो गया है। अब सभी पात्र बहनें दिल्ली लक्ष्मी योजना पोर्टल पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकती हैं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन दिल्ली की लाखों महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मविश्वास का उत्सव है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किया गया वादा केवल एक घोषणा नहीं था, बल्कि महिलाओं की खुशियों, सम्मान और बेहतर भविष्य का संकल्प था। उन्होंने अपने संदेश में आगे लिखा, “जब हमने आप सबसे यह वादा किया था, तब वह केवल एक घोषणा नहीं थी, बल्कि आपकी खुशियों, आपके सम्मान और आपके बेहतर भविष्य का संकल्प था। आज उस संकल्प को निभाने का सौभाग्य मिला है।”

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र बहन को प्रतिमाह ₹2,500 की आर्थिक सहायता मिलेगी। यह राशि आपके आत्मसम्मान को और सुदृढ़ करेगी, आपके आत्मविश्वास को नई शक्ति देगी और जीवन की अनेक छोटी-बड़ी जरूरतों में आपके साथ एक भरोसे की तरह खड़ी रहेगी।” उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के अनुसार यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा को मजबूत करने का भी एक प्रयास है। रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम करती रहेगी। उन्होंने लिखा, “मैं आज आपसे एक और संकल्प दोहराती हूं कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी भाजपा सरकार आपकी गरिमा, आपके सशक्तिकरण और आपके सपनों को नई उड़ान देने के लिए पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी।”

इन महिलाओं को नहीं मिलेगा योजना का लाभ

योजना के अनुसार 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की वही महिलाएं आवेदन कर सकती हैं, जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये या उससे कम है। इसके अलावा कई अन्य शर्तें भी लागू की गई हैं।

  • जो महिलाएं पहले से किसी अन्य सरकारी आर्थिक सहायता योजना या पेंशन योजना का लाभ ले रही हैं, वे आवेदन नहीं कर सकेंगी।
  • आयकर (टैक्स) देने वाली महिलाएं और सरकारी कर्मचारी इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी।
  • जिन महिलाओं के तीन से अधिक जीवित बच्चे हैं, उन्हें योजना के दायरे से बाहर रखा गया है।
  • जिन परिवारों की वार्षिक बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक है, वे भी इस योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे।
  • जिन परिवारों के पास चार पहिया वाहन है, उन्हें भी पात्रता सूची से बाहर रखा गया है।
  • ऐसे परिवार, जिनमें कोई सदस्य सरकारी नौकरी में कार्यरत है, योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे।
  • जिन परिवारों पर कोई आपराधिक मामला दर्ज है, उन्हें भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com