छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं को यूपी और नागालैंड में संगठन सृजन अभियान की जिम्मेदारी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने छह राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश, गोवा, नागालैंड, मणिपुर और मेघालय में ऑब्जर्वरों की नई सूची जारी की है। इस सूची में छत्तीसगढ़ के चार नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम को उत्तर प्रदेश का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। उनके साथ अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री शिव डहरिया को भी उत्तर प्रदेश में संगठन सृजन अभियान की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पूर्व मंत्री उमेश पटेल को नागालैंड का ऑब्जर्वर बनाया गया है।
संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। इसके तहत जिला कांग्रेस अध्यक्षों के चयन में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने, संगठन को अधिक लोकतांत्रिक बनाने और आगामी चुनावों के लिए मजबूत ढांचा तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अनुभवी नेताओं को अलग-अलग राज्यों में भेजने से संगठनात्मक अनुभव का लाभ मिलेगा और संगठन में नई ऊर्जा एवं कार्यकुशलता आएगी।











