धमतरी: कॉलेज के कार्यक्रम में कांग्रेसियों का बवाल, गेट पर फंसे रहे मुख्य अतिथि महापौर रोहरा! जानें पूरा मामला

धमतरी: शासकीय नवीन महाविद्यालय आमदी में आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के आमंत्रण कार्ड में क्षेत्रीय विधायक ओंकार साहू का नाम नहीं होने पर विवाद खड़ा हो गया. कांग्रेसी पार्षदों एवं विधायक के समर्थकों ने कॉलेज गेट पर खड़ा होकर गेट बंद कर दिया. उनके इस प्रदर्शन से धमतरी महापौर रामू रोहरा काफी देर तक फंसे रहे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर बवाल मचाया.
जानकारी के अनुसार, वार्षिक उत्सव समारोह के आमंत्रण पत्र में विधायक का नाम न होने से नगर पंचायत आमदी के कांग्रेसी पार्षदों एवं विधायक समर्थकों ने कड़ा विरोध जताया. विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज के मुख्य गेट में ताला लगा दिया, जिससे कॉलेज परिसर के अंदर मौजूद छात्र-छात्राएं कुछ समय के लिए बंद हो गए. वहीं बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे धमतरी महापौर रामु रोहरा को इस प्रदर्शन का सामना करना पड़ा व काफी देर तक कॉलेज के गेट के पास ही खड़े रहे.
विधायक के गृहग्राम में ही उनकी अनदेखी
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आमदी नगर पंचायत विधायक ओंकार साहू का गृहग्राम है और ऐसे में शासकीय कॉलेज के महत्वपूर्ण आयोजन के आमंत्रण पत्र में उनका नाम नहीं होना अपमानजनक है. इसी बात को लेकर आक्रोशित होकर समर्थकों ने मोर्चा खोल दिया. उधर इस घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही अर्जुनी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस व प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, ताकि स्थिति को सामान्य किया जा सके और छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. थोड़ी देर बाद कार्यक्रम प्रारंभ हुआ फिर भी प्रदर्शनकारी बैठे रहे.

close