अमेरिकी दबाव में पीछे हटा क्यूबा, वेनेजुएला छोड़ रहे सुरक्षाकर्मी और सलाहकार

अमेरिकी दबाव के बीच वेनेजुएला से क्यूबा के सुरक्षा सलाहकार और कुछ डॉक्टर लौट रहे हैं. 3 जनवरी की अमेरिकी कार्रवाई में 32 क्यूबाई सैनिकों की मौत के बाद हालात बदले. राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अपनी सुरक्षा स्थानीय बलों को सौंपी.
अमेरिका के बढ़ते दबाव के बीच वेनेजुएला में तैनात क्यूबा के सुरक्षा सलाहकार और डॉक्टर अब लौट रहे हैं. वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अपनी सुरक्षा अब वेनेजुएला के अपने सुरक्षाकर्मियों को सौंप दी है. पहले निकोलस मादुरो और उनसे पहले ह्यूगो चावेज अपनी सुरक्षा के लिए क्यूबा के स्पेशल सिक्योरिटी फोर्सेस पर निर्भर थे.
क्यूबा सरकार के मुताबिक, 3 जनवरी को अमेरिका की सैन्य कार्रवाई में मादुरो को पकड़े जाने के दौरान 32 क्यूबाई सैनिक मारे गए. ये सैनिक और बॉ़डीगार्ड्स वेनेजुएला और क्यूबा के बीच 2000 के दशक के आखिर में हुए एक बड़े सुरक्षा समझौते का हिस्सा थे. इस समझौते के तहत क्यूबा के खुफिया अधिकारी वेनेजुएला की सेना और उसकी खुफिया एजेंसी DGCIM (डायरेक्शन जनरल डी कॉन्ट्रेंटेलिजेंसिया मिलिटर) में तैनात थे. DGCIM का काम देश के अंदर विरोध को खत्म करना था.
क्यूबा के कुछ सलाहकारों को पद से हटाया
सूत्रों के मुताबिक, DGCIM में काम कर रहे क्यूबा के कुछ सलाहकारों को उनके पदों से हटा दिया गया है. हाल के हफ्तों में कई क्यूबाई डॉक्टर और सुरक्षा अधिकारी वेनेजुएला से क्यूबा वापस गए हैं. एक सूत्र का कहना है कि अमेरिकी दबाव के कारण रोड्रिगेज ने क्यूबाई कर्मियों को हटाने का फैसला किया. हालांकि यह साफ नहीं है कि उन्हें वेनेजुएला ने भेजा है या क्यूबा ने खुद वापस बुलाया है.
ट्रंप ने क्यूबा पर कार्रवाई की बात की थी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मादुरो को हटाने की कार्रवाई के बाद कहा कि वे वेनेजुएला और क्यूबा के बीच सुरक्षा संबंध खत्म करना चाहते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि क्यूबा को वेनेजुएला से सालों तक तेल और पैसा मिलता रहा और बदले में वह सुरक्षा सेवाएं देता रहा. दिसंबर में अमेरिका ने वेनेजुएला के तेल को क्यूबा भेजने पर रोक लगा दी है, जिससे क्यूबा पर आर्थिक दबाव बढ़ा है.व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के नए नेतृत्व से अच्छे संबंध रखता है और मानता है कि रोड्रिगेज अपने हित में फैसले लेंगी.
क्यूबा सरकार ने कहा है कि वह बराबरी की शर्तों पर बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन तेल नाकेबंदी का विरोध करता है. दोनों देशों ने सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते जारी रहने की बात कही है. 8 जनवरी को रोड्रिगेज ने क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज के साथ अमेरिकी हमले में मारे गए लोगों के लिए श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हिस्सा लिया. बाद में उन्होंने क्यूबा के राष्ट्रपति मिगेल डियाज-कैनेल से फोन पर बात की और संबंध मजबूत रखने की बात दोहराई.

close