झाड़ियों में अर्द्धनग्न हालत में मिली महिला की लाश, पति लापता; हत्या के एंगल से जांच में जुटी पुलिस

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में 48 वर्षीय महिला का शव झाड़ियों में अर्द्धनग्न अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के एंगल से जांच कर रही है। घटना के बाद से महिला का पति लापता है, जिसके चलते पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ निवासी राजकुमारी चौहान (48) की बेटी रोज की तरह सुबह स्कूल गई थी। दोपहर में घर लौटने पर उसकी मां घर में नहीं मिली। काफी देर तक तलाश करने के बाद घर के बाहर झाड़ियों में महिला का शव पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से एक रात पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
घटना के बाद से महिला का पति मोहब्बत चौहान घर से गायब है। पुलिस उसे भी जांच के दायरे में रखकर तलाश कर रही है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।











