भूतहिया नाला के पास खून से लथपथ अज्ञात युवक का शव, हत्या की आशंका

मनेन्द्रगढ़। जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंआरपुर चौकी के भूतहिया नाला के पास शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ से करीब 120 किलोमीटर दूर हुई इस घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
शव के पास मिले टोपी, जूते और इलेक्ट्रिक तार
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के पास से टोपी, जूते और इलेक्ट्रिक तार बरामद किए गए हैं। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हाथ पर ‘दीपक’ का टैटू, पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार शव अर्धनग्न अवस्था में मिला है। मृतक के दाहिने हाथ पर ‘दीपक’ नाम का टैटू बना हुआ है, जिसे पहचान का अहम सुराग माना जा रहा है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी खंगाल रही है।
ग्रामीणों की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
बताया जा रहा है कि भूतहिया नाला के पास शव पड़े होने की चर्चा स्थानीय लोगों के बीच फैल गई थी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव देखने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।









