परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, NH-30 पर तीन घंटे से चक्काजाम

बेमेतरा। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (दुर्ग विश्वविद्यालय) से संबद्ध जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के छात्रों ने परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ियों को लेकर सोमवार को नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के बैनर तले छात्र पिछले तीन घंटे से सड़क पर डटे हुए हैं। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

रिजल्ट में त्रुटियों को लेकर छात्रों का आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी परीक्षा परिणाम में कई तरह की गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं। अनेक विद्यार्थियों को परीक्षा देने के बावजूद अनुपस्थित दर्शा दिया गया है, जबकि कई छात्रों को बिना स्पष्ट कारण के ATKT दे दी गई है। इसके अलावा कुछ विद्यार्थियों के परिणाम अब तक घोषित नहीं किए गए हैं।

UFM कार्रवाई और अंकों में गड़बड़ी से नाराजगी

छात्रों का कहना है कि कई विद्यार्थियों के अंकों में भी त्रुटियां पाई गई हैं। वहीं कुछ छात्रों पर बिना पर्याप्त और निष्पक्ष जांच के UFM (अनुचित साधनों के प्रयोग) की कार्रवाई कर दी गई, जिसके चलते उनके परिणाम रोक दिए गए हैं। छात्रों ने आरोप लगाया कि इन मामलों में विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।

“गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों का भविष्य दांव पर”

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि अधिकांश विद्यार्थी किसान, मजदूर और सामान्य परिवारों से आते हैं। उनके अभिभावक कठिन परिश्रम कर बच्चों को उच्च शिक्षा दिला रहे हैं। ऐसे में प्रशासनिक या तकनीकी त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होना बेहद चिंताजनक है। छात्रों ने कहा कि रिजल्ट में हुई गड़बड़ियों से उनका शैक्षणिक और मानसिक नुकसान हो रहा है।

समाधान की मांग पर अड़े छात्र

छात्रों का कहना है कि उन्होंने प्रवेश और परीक्षा संबंधी सभी शुल्क महाविद्यालय में जमा किए हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान करना कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने मांग की है कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द त्रुटियों को सुधारा जाए और प्रभावित विद्यार्थियों के परिणाम जारी किए जाएं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com