एक झटके में तबाही: राजस्थान के इस गांव में 60 से ज्यादा घरों में दौड़ा करंट, जल गए लाखों के सामान; बाल-बाल बचे ग्रामीण

फलोदी: राजस्थान के फलोदी जिले के सेतरावा तहसील स्थित जेतसर गांव में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन अचानक टूट गई. लाइन टूटते ही पूरे इलाके में तेज करंट दौड़ गया, जिससे गांव के करीब 60 से अधिक घरों में लगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खराब हो गए. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

घटना रात के समय की बताई जा रही है, जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे. अचानक तेज आवाज के साथ बिजली गुल हो गई और कुछ ही पलों में घरों के पंखे, टीवी, फ्रिज, कूलर, मोटर, मोबाइल चार्जर और अन्य कीमती उपकरण जलने लगे. कई घरों में तो बिजली के स्विच बोर्ड से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई.

ग्रामीणों का कहना है कि हाई वोल्टेज लाइन काफी समय से जर्जर हालत में थी, जिसकी शिकायत पहले भी विद्युत विभाग से की गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इसी लापरवाही का नतीजा यह हादसा बनकर सामने आया. हादसे के दौरान कुछ लोग बाल-बाल बच गए, क्योंकि अगर करंट का प्रभाव ज्यादा देर तक रहता तो जानमाल का नुकसान हो सकता था.

घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिजली आपूर्ति को पूरी तरह बंद कर लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया. विभाग के अधिकारियों ने जांच कर नुकसान का आकलन करने की बात कही है. वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान की भरपाई जल्द से जल्द की जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों, इसके लिए सभी जर्जर लाइनों को बदला जाए.

जेईएन महेंद्र पाल ने बताया कि गांव जैतसर के कई घरों में विद्युत करंट दौड़ने से काफी नुकसान हुआ है, जिसको लेकर उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाएगा. जहां तक ठप पड़ी विद्युत व्यवस्था का सवाल है, वह जल्द ही बहाल कर दी जाएगी.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com