दुबला-पतला होने की वजह से बना टेनिस प्लेयर, अब US ओपन में अलाकाराज को हराया, जानिए कौन हैं बेन शेल्टन

यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में कुछ ऐसा हो गया जिसकी उम्मीद किसी ने नहीं की होगी. टूर्नामेंट जीतने के फेवरेट माने जा रहे कार्लोस अल्काराज अमेरिका के बेन शेल्टन से हार गए. शेल्टन ने इस मैच में कमाल प्रदर्शन करते हुए अल्काराज को 6-7 (5), 6-1, 6-3, 1-6, 7-6 (10-7) से हराया. ये यूएस ओपन के इतिहास का सबसे लंबा मैच भी रहा, मुकाबला 4 घंटे 28 मिनट तक चला. इस हार के साथ ही अल्काराज की ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में लगातार 18 मैचों की जीत का सिलसिला टूट गया. आइए अब आपको बताते हैं अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन के बारे में कुछ हैरतअंगेज बातें. इस खिलाड़ी ने अल्काराज को हरा दिया लेकिन दिलचस्प बात ये है कि ये खिलाड़ी कभी टेनिस खिलाड़ी बनना ही नहीं चाहता था.
बेन शेल्टन नहीं बनना चाहते थे टेनिस खिलाड़ी
बेन शेल्टन टेनिस खिलाड़ी नहीं बनना चाहते थे ये खेल उनकी पहली पसंद नहीं था. वे अमेरिकन फुटबॉल में क्वार्टरबैक खेलना ज्यादा पसंद करते थे. मि़डिल स्कूल तक वो फुटबॉल खेलते रहे, लेकिन उनके शरीर की ग्रोथ देरी से हुई, वो काफी दुबले पतले रह गए और इस वजह से बड़े बच्चों के साथ टक्कर के कारण उन्हें फुटबॉल छोड़ना पड़ा और उन्होंने टेनिस पर फोकस किया. 12 साल की उम्र में इस खिलाड़ी ने टेनिस खेलना शुरू किया था.
बेन शेल्टन के खून में ही है टेनिस
बेन शेल्टन का पूरा परिवार ही टेनिस से जुड़ा हुआ है. उनके पिता ब्रायन शेल्टन पूर्व प्रोफेशनल टेनिस खिलाड़ी और कोच हैं. वो NCAA इतिहास में पहले ऐसे कोच हैं जिन्होंने पुरुष और महिला दोनों डिवीजन में नेशनल चैंपियनशिप जीती. 2023 में उन्होंने कॉलेज कोचिंग छोड़कर बेटे को फुल-टाइम कोच किया. शेल्टन की मां मां लिसा विट्स्केन शेल्टन भी जूनियर लेवल की अच्छी टेनिस खिलाड़ी थीं. मामा टॉड विट्स्केन पूर्व ATP प्लेयर थे. शेल्टन की बहन एम्मा भी कॉलेज टेनिस खेलती थीं.











