घर बनाने को लेकर विवाद में पत्नी की हत्या, पति ने सीमेंट के डंबल से सिर पर किया हमला

घर बनाने की बात पर हुआ विवाद
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घर बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की सीमेंट के डंबल से हमला कर हत्या कर दी। घटना पाली थाना क्षेत्र के शांति बस्ती स्थित वार्ड नंबर-9 की है। मृतका की पहचान बंधन कुंवर (39) और आरोपी पति की पहचान रमेश डोंगरे (40) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद रमेश अपनी पत्नी के घर में रह रहा था। वह नया घर बनाकर वहां रहने की बात कह रहा था, जबकि पत्नी इसका विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
सुबह 4 से 5 बजे के बीच की वारदात
बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच विवाद बढ़ने पर रमेश ने गुस्से में सीमेंट के डंबल से बंधन कुंवर के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बंधन कुंवर आरोपी की दूसरी पत्नी थी। रमेश ने अपनी पहली पत्नी को छोड़ने के बाद बंधन से शादी की थी। बंधन की भी यह दूसरी शादी थी। दोनों घर में अकेले रहते थे और उनकी कोई संतान नहीं थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने रमेश डोंगरे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।











