रायपुर एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की मौजूदगी के दौरान संदिग्ध बैग मिलने से मचा हड़कंप, CISF और डॉग स्क्वॉड ने संभाली स्थिति

रायपुर एयरपोर्ट पर शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी के दौरान प्रवेश द्वार के पास एक संदिग्ध बैग मिलने की सूचना से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मामला राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट का है, जहां तुरंत डॉग स्क्वॉड और सीआईएसएफ के जवानों को अलर्ट किया गया।
सूत्रों के अनुसार, एयरपोर्ट के एंट्री गेट पर रखे बैग को देखकर यात्रियों और सुरक्षाकर्मियों को शक हुआ। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत क्षेत्र को घेर लिया और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पूरे इलाके को खाली करा दिया गया। एयरपोर्ट पर पहले से ही प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में तैनात एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी थी।
लेजर मशीन से की गई जांच
संदिग्ध बैग की जांच के लिए सुरक्षा दल ने लेजर मशीन का इस्तेमाल किया। कुछ देर बाद एक युवक वहां पहुंचा और बताया कि बैग उसी का है, जो गलती से प्रवेश द्वार पर रह गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने युवक की पहचान की पुष्टि करने के बाद बैग की जांच पूरी की। जब अंदर से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, तो बैग को उसके मालिक को वापस सौंप दिया गया।
पीएम मोदी की मौजूदगी से बढ़ी थी सतर्कता
घटना के समय प्रधानमंत्री मोदी एयरपोर्ट के अंदर मौजूद थे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में और अधिक सतर्कता बरती गई। सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस ने एयरपोर्ट के हर कोने में तलाशी अभियान चलाया। करीब आधे घंटे तक पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया था।
राहत की सांस, पर जारी रहेगा सतर्कता अभियान
हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी। सभी यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने सामान का ध्यान रखें और किसी भी अनजान वस्तु की तुरंत सूचना सुरक्षा कर्मियों को दें।
रायपुर एयरपोर्ट पर यह घटना कुछ ही मिनटों में नियंत्रण में आ गई, लेकिन प्रधानमंत्री की मौजूदगी के चलते सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लिया और सतर्कता के सभी मानकों का पालन किया।










