EC को मजबूती से अपनी बात रखनी चाहिए… चुनाव आयोग में मतभेद पर बोले चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने शुक्रवार को चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी. चिराग पासवान का कहना है कि अगर चुनाव आयोग पर ऐसे सवाल उठाए जा रहे हैं, तो मेरा मानना है कि चुनाव आयोग, और खासकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की यह जिम्मेदारी है कि वे अपना पक्ष मजबूती से सामने रखें.
बिहार के हाजीपुर से सांसद ने आगे कहा, ‘मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि विपक्ष क्या कहता है, क्योंकि राजनीति करना उनका काम है… चुनाव आयोग को लोगों का भरोसा बनाए रखना चाहिए, क्योंकि अगर चुनावी प्रक्रिया को लेकर ही जनता के मन में शक पैदा होता है, तो यह गलत होगा. ऐसे में, चुनाव आयोग को अपनी बात मजबूती से रखनी चाहिए ताकि लोगों के मन में कोई शक न रहे.’
‘बिहार में छात्राओं के साथ हैवानियत शर्मनाक’
बिहार में जमुई और समस्तीपुर के बाद बांका में छात्रा के साथ खुलेआम सड़क पर हैवानियत की घटनाओं ने शर्मसार कर दिया है. विपक्ष इसको लेकर राज्य सरकार के खिलाफ पूरजोर विरोध दर्ज करा रहा है. वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में छात्राओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई और इन घटनाओं को शर्मनाक बताया है.
चिराग पासवान ने कहा, ‘यह मेरे लिए बहुत चिंता की बात है कि हमारी सरकार के सत्ता में रहते हुए भी अपराधी ऐसे काम कर रहे हैं. ऐसे में हम लोग जबावदेही से नहीं भाग सकते हैं. हम सही कार्रवाई किए बिना इन्हें जाने नहीं दे सकते.’ उन्होंने लापरवाह अधिकारियों पर भी कार्रवाई करने की बात की जो आंखें मूंद लेते हैं.
घटना वाले तीन जिलों में से दो में चिराग के MP
दरअसल, बिहार के जिन जिलों में नाबालिग बच्चियों के साथ यह घिनौना कांड हुआ है, उनमें दो जमुई और समस्तीपुर में चिराग पासवान की पार्टी के सांसद का क्षेत्र हैं. समस्तीपुर से शांभवी चौधरी तो जमुई से खुद चिराग के जीजा अरुण भारती सांसद हैं. इससे पहले आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सांसद शांभवी चौधरी पर आरोपियों का नाम छिपाने की कोशिश का आरोप लगाया था.
सांसद शांभवी चौधरी पर समस्तीपुर पुलिस की प्रेस रिलीज को क्रॉप करके आरोपियों के नाम काटकर शेयर करने का आरोप लगाया गया है. शांभवी चौधरी ने पुलिस की प्रेस रिलीज को अपने फेसबुक पर पोस्ट किया था.
समस्तीपुर और जमुई को लेकर क्या बोले?
वहीं, पटना में मीडिया से बातचीत में चिराग ने शांभवी चौधरी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. उन्होंने कहा कि जमुई की घटना के बारे में, स्थानीय MP अरुण भारती ने बहुत तेजी से काम किया है. मामले में न सिर्फ़ गिरफ्तारियां हुईं, बल्कि एनकाउंटर भी हुआ. इसी तरह, समस्तीपुर की घटना में भी तुरंत गिरफ्तारियां हुईं. हालांकि, मुझे नहीं लगता कि सिर्फ़ गिरफ्तारियां या एनकाउंटर से ये घटनाएं रुक जाएंगी.
हाजीपुर से सांसद चिराग ने कहा किउन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए जिनकी नाक के नीचे ऐसे शर्मनाक काम हो रहे हैं. यह चिंता का विषय का है हमारी सरकार में अपराधियों का हौसला इतना ऊंचा है, जो उन्हें दिनदहाड़े इस तरह की हरकतें करने के लिए हिम्मत देता है. चिराग का कहना है कि यह एक गंभीर मुद्दा है जिसकी हम सभी को चिंता करनी चाहिए.
मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री से बात की- चिराग
चिराग पासवान ने इन घटनाओं की निंदा करते हुए बताया कि ‘मैंने इस बारे में मुख्यमंत्री से बात की है, और हमने साफ तौर पर कहा है कि हमें ऐसे मामलों में ‘ज़ीरो-टॉलरेंस’ पॉलिसी अपनानी चाहिए. अगर ऐसा होता भी है तो हमारे कार्यकाल में बिहार में अगर ऐसी एक भी घटना होती है, तो यह हमारे लिए बहुत शर्म की बात है. हमें यह पक्का करना होगा कि ऐसे असामाजिक तत्वों में कानून का डर पैदा हो ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों.’











