रायपुर में दिव्यांगजनों के लिए रोजगार का मौका, फ्लिपकार्ट में 30 पदों पर भर्ती

दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने के लिए रायपुर में 31 अगस्त को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। विशेष रोजगार कार्यालय, रायपुर और डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के पीडब्ल्यूडी सेंटर के संयुक्त आयोजन में यह मेला सुंदर नगर स्थित पीडब्ल्यूडी सेंटर में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लगेगा।
मेले में इंस्टाकार्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में असिस्टेंट के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं पास दिव्यांगजन आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को 10 हजार से 12 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेज जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थी का रोजगार पंजीयन भी होना चाहिए। मेले में शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और दिव्यांगता प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण
इसी दिन डॉ. रेड्डीज फाउंडेशन के पीडब्ल्यूडी सेंटर में दिव्यांगजनों के लिए दो माह का नि:शुल्क प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण में डिजिटल साक्षरता, सॉफ्ट स्किल्स और कम्युनिकेशन समेत रोजगार से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान रहने और भोजन की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विशेष रोजगार कार्यालय रायपुर के फोन नंबर 0771-4044081 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित समय पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा।










