निर्यात बढ़ा लेकिन आयात ने बढ़ाई चिंता, फरवरी में भारत का व्यापार घाटा 3.96 अरब डॉलर पहुंचा

फरवरी 2026 में भारत के निर्यात और आयात दोनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन आयात की तेज रफ्तार के कारण देश का व्यापार घाटा बढ़कर 3.96 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक निर्यात में जहां करीब 11 फीसदी की वृद्धि हुई है, वहीं आयात में लगभग 22 फीसदी की तेजी देखी गई है।

वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार फरवरी 2026 में भारत का कुल माल और सेवा निर्यात 76.13 बिलियन डॉलर रहा, जो फरवरी 2025 के 68.56 बिलियन डॉलर के मुकाबले 11.04 प्रतिशत अधिक है। वहीं आयात 65.84 बिलियन डॉलर से बढ़कर 80.09 बिलियन डॉलर हो गया, जो करीब 21.61 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

आंकड़ों के अनुसार फरवरी में माल निर्यात थोड़ा घटकर 36.91 बिलियन डॉलर से 36.61 बिलियन डॉलर रह गया, जबकि माल आयात 51.33 बिलियन डॉलर से बढ़कर 63.71 बिलियन डॉलर हो गया। इसके विपरीत सेवा क्षेत्र में निर्यात में मजबूत बढ़त देखने को मिली। सेवा निर्यात 31.65 बिलियन डॉलर से बढ़कर 39.53 बिलियन डॉलर हो गया, जबकि सेवा आयात 14.51 बिलियन डॉलर से बढ़कर 16.38 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया।

चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से फरवरी के दौरान भारत का कुल निर्यात 790.86 बिलियन डॉलर रहने का अनुमान है, जो पिछले साल के 747.58 बिलियन डॉलर से ज्यादा है। यह करीब 5.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक परिस्थितियों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर आने वाले महीनों में व्यापार पर पड़ सकता है। सरकार ने भी संकेत दिया है कि मार्च के महीने में निर्यात की रफ्तार धीमी हो सकती है, क्योंकि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट और समुद्री मार्गों में आई रुकावटों से लॉजिस्टिक्स प्रभावित हो रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com