फतेहपुर: 80.41 करोड़ की पंप कैनाल परियोजना का जल शक्ति मंत्री ने किया भूमिपूजन, बोले- 2027 तक किसानों के खेतों की टेल तक पहुंचेगा पानी

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद के जहानाबाद में रिंद नदी की तलहटी पर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पंप कैनाल परियोजना का जल शक्ति मंत्री द्वारा विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया गया. 80 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई की दिशा में ऐतिहासिक सौगात माना जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान जल शक्ति मंत्री ने आश्वासन दिया कि वर्ष 2027 तक किसानों के खेतों और नहर की अंतिम टेल तक पानी पहुंचाया जाएगा.
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि इस योजना के शुरू होने से वर्षों से चला आ रहा सिंचाई संकट समाप्त होगा और हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. वहीं खागा विधायक कृष्णा पासवान ने कहा कि उत्तर प्रदेश और केंद्र की डबल इंजन सरकार किसान कल्याण और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है.
बिंदकी विधायक एवं पूर्व मंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2027 तक नहर में पानी लाने का जो संकल्प लिया था, वह आज भूमि पूजन के साथ साकार होता नजर आ रहा है. उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और निर्णायक कदम बताया. फतेहपुर सांसद नरेश उत्तम पटेल ने जल शक्ति मंत्री को इस योजना के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी लंबित मांग थी, जिसे अब पूरा किया गया है.

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने कई बार उत्तर प्रदेश विधान परिषद में भी उठाया था. कार्यक्रम में फतेहपुर–कानपुर क्षेत्र के एमएलसी अविनाश सिंह चौहान और भाजपा जिला अध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता गांव, किसान और सिंचाई है.
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सैयद आबिद हसन ने जल शक्ति मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया. इस मौके पर प्रमुख रूप से पूर्व ब्लाक प्रमुख कुश वर्मा, समाजवादी पार्टी विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्रर सिंह पटेल,सपा नगर अध्यक्ष हसीब एडवोकेट मौजूद थें.
जनपद की सीमा में जल शक्ति मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया. कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अनु श्रीवास्तव, विधायक कृष्णा पासवान, पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह जैकी, पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह पटेल, जिला मंत्री रेखा मिश्रा, वरिष्ठ नेता अवधेश मिश्रा, दीपक वर्मा, मंडल अध्यक्ष नितिन ओमर, संतोष गुप्ता, आशुतोष अग्निहोत्री, डॉ. ओम प्रकाश पाल, राजेश बाजपेई (पूर्व सभासद), विशाल ओमर बड़े सेठ, आनन्द गुप्ता, शिंपू शिवहरे, सुतीक्ष्ण सिंह,मालती वर्मा, गीता गुप्ता, जालिंद्री गिहार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे.
यह पंप कैनाल परियोजना क्षेत्र के कृषि विकास, सिंचाई विस्तार और किसानों की आर्थिक मजबूती की दिशा में मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद जताई जा रही है.











