फतेहपुर: जमीन के लालच में बुजुर्ग एडवोकेट का कत्ल, पुलिस ने खोला खूनी राज

फतेहपुर: जमीन के सौदे में मोटी कमाई की हवस ने एक बुजुर्ग एडवोकेट की बेरहमी से जान ले ली. थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में 21 जनवरी 2026 को हुई 68 वर्षीय जयराज मान सिंह की नृशंस हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने पूरे हत्याकांड से पर्दा उठाते हुए बताया कि यह हत्या सोची-समझी साजिश और जमीन के लालच का नतीजा थी.
एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही यूपी-112, कोतवाली नगर पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई.
भरोसे की आड़ में रची गई खौफनाक साजिश
विवेचना के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, फोरेंसिक रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसके बाद संदिग्ध अंकित मिश्रा पुलिस के रडार पर आया. हिरासत में लेकर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और हत्या की पूरी कहानी उगल दी.
चाकू से गला रेतकर उतारा मौत के घाट
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े, घटना में इस्तेमाल वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले 8–9 वर्षों से मृतक के संपर्क में था और जमीन बिकवाने के नाम पर मोटी रकम हड़पने की फिराक में था.
जल्दी अमीर बनने की हवस में किया कत्ल
एसपी ने साफ शब्दों में बताया कि आरोपी जल्दी अमीर बनने की सनक में इस हद तक अंधा हो गया कि उसने एक बुजुर्ग एडवोकेट की निर्मम हत्या की साजिश रच डाली. भरोसे का खून कर आरोपी ने अपने ही संपर्क को मौत के घाट उतार दिया.
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी की तैयारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और पुलिस का दावा है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.











