नागपुर में नगरपालिका के गार्डन में उगा दी गांजे की फसल, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप, पौधे देखकर पुलिस भी हैरान

महाराष्ट्र के नागपुर शहर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां नगर निगम के एक सरकारी पार्क में ही गांजे के बड़े-बड़े पौधे लगाए जाने का खुलासा हुआ है. मामला सामने आते ही नगर निगम और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. बीजेपी नेता मुन्ना यादव द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के बाद यह मामला सुर्खियों में आया.

यह मामला नागपुर के अजनी इलाके में स्थित गजानन पार्क का है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से पार्क में 16 से 19 वर्ष की उम्र के किशोर और युवा गांजा पीते हुए दिखाई देते है. इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की गई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पार्क में जांच की, लेकिन उस समय वहां कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला.

पार्क में मिला गांजे का पौधा

इसके बाद बीजेपी नेता मुन्ना यादव ने पार्क का निरीक्षण किया. जांच के दौरान उन्हें पार्क परिसर में कई बड़े-बड़े गांजे के पौधे लगे मिले. उन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया. वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया.

पूरे मामले की जांच की मांग

मुन्ना यादव का आरोप है कि सरकारी पार्क में खुलेआम गांजे की खेती होना प्रशासन की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है. उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया जाता तो यह स्थान नशे के कारोबार का केंद्र बन सकता था. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

घटना सामने आने के बाद पुलिस और नगर निगम की टीम ने पार्क का निरीक्षण शुरू कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे के पौधे किसने लगाए, वे कब से वहां मौजूद थे. इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी.

यह मामला पूरे नागपुर जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है. सरकारी पार्क में गांजे की खेती मिलने से स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और पार्कों की निगरानी पर भी सवाल उठाए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे इसका खुलासा किया जाएगा.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com