बिना नंबर प्लेट बाइक से गांजा तस्करी, 8 किलो से अधिक मादक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर जिले में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट की बाइक पर गांजा ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 8 किलो 305 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। मामला प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गोटगवां का है।
पुलिस के अनुसार नियमित वाहन जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक पर रखी सफेद बोरी में गांजा मिला। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बांदा जिले निवासी 39 वर्षीय रमेशचंद्र निषाद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है। मामले में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।











