धार में मक्का-कपास के खेतों में उगा रहे थे गांजा, पुलिस ने जब्त की 25 करोड़ की फसल, चार आरोपी गिरफ्तार


धार: मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। विभिन्न जिलों में पुलिस तस्करों पर शिकंजा कसते हुये मादक पदार्थ जब्त कर रही है। इसी बीच, धार जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुये अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करोड़ों रुपये का गांजा जब्त कर चार आरोपियों को भी दबोचा है।
बता दें कि पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में जिले की पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत गांजा पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उमरबन चौकी अंतर्गत ग्राम बढ़िया और ग्राम पटेलपुरा में मक्का, अरहर और कपास के खेतों अवैध रूप से गांजा उगाया जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर करीब 67 क्विंटल यानी 6,700 किलोग्राम गांजे की फसल को जब्त किया है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले के कई इलाकों में ड्रोन के माध्यम से जंगलों, दुर्गम पहाड़ी इलाकों और खेतों का हवाई सर्वे किया जा रहा है। संदिग्ध जगहों की पहचान के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर उचित एवं कानूनी कार्रवाइयां भी कर रही है। मनावर थाना क्षेत्र में पिछले 48 घंटे से ड्रोन से निगरानी और तलाशी अभियान जारी है।
खेतों में अवैध रूप से उगाया जा रहा था गांजा
इसी बीच, पुलिस को उमरबन चौकी अंतर्गत ग्राम बड़िया और मंडावदा में मक्का, कपास और तूवर की फसल के बीच गांजे की अवैध खेती की जानकारी लगी। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मौके पर दबिश दी। पुलिस ने देखा कि काफी ज्यादा संख्या में गांजे की पौधे लगे हुये हैं और फसल को तैयार करने के लिये सिंचाई भी की जा रही है।
चार आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुये दोनों जगहों के 5 से 7 खेतों से गांजे के पौधों को उखाड़ दिया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान यदि अन्य लोगों के नाम सामने आते हैं, तो उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और पूरे क्षेत्र में सख्त निगरानी रखी जाएगी।
धार से मो. अंसार की रिपोर्ट











