इंदौर के डीएवीवी परिसर में आज होगी ‘Gen-Z चर्चा’, युवाओं से सीधे संवाद करेंगे कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय


मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में आज तक्षशिला परिसर में स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के बड़े ऑडिटोरियम में युवाओं के लिए एक खास कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अनोखे कार्यक्रम का नाम ‘Gen-Z चर्चा’ रखा गया है जिसमें आज की नई पीढ़ी के मुद्दों पर खुलकर बात की जाएगी।
दरअसल इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें देश के जाने-माने और प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय विशेष रूप से पहुंच रहे हैं। वे यहां पर सिर्फ अपनी बातें कहकर नहीं जाएंगे बल्कि आज के युवाओं के साथ सीधा संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं और युवाओं के लिए एंट्री पूरी तरह से मुफ्त रखी गई है ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा इसका हिस्सा बन सकें।
करियर, रिश्ते और संस्कारों पर होगी खुलकर बात
आज की युवा पीढ़ी के सामने करियर चुनने से लेकर अपने रिश्तों को संभालने और जीवन की सही राह चुनने जैसे ढेरों सवाल होते हैं। सोशल मीडिया और इंटरनेट के इस डिजिटल दौर में जानकारी मिलना तो बहुत आसान हो गया है लेकिन जिंदगी के बड़े फैसले लेते वक्त सही मार्गदर्शन की कमी हमेशा खलती है। इसी कमी को दूर करने और युवाओं को सही दिशा दिखाने के लिए इस खास मंच को तैयार किया गया है।
इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण इसका प्रश्नोत्तर सत्र रहने वाला है। आमतौर पर धार्मिक या वैचारिक कार्यक्रमों में लोग सिर्फ वक्ता को सुनते हैं और घर चले जाते हैं लेकिन यहां ऐसा बिल्कुल नहीं होगा। दरअसल इस मंच पर युवाओं को पूरी छूट होगी कि वे अपने मन में उठ रहे तमाम सवालों को सीधे कथावाचक के सामने रखें और अपनी जिज्ञासाओं को शांत करें।
सुबह 10:30 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम के शेड्यूल की बात करें तो इसकी शुरुआत सुबह 9:30 बजे प्रतिभागियों के चेक-इन के साथ हुई। इसके बाद ठीक सुबह 10:15 बजे सभी के बैठने और स्वागत का दौर चला। तय समय पर सुबह 10:30 बजे प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय का आगमन हुआ और दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत कर दी गई।
इसके बाद सुबह ठीक 11 बजे से मुख्य ‘Gen-Z चर्चा’ का दौर शुरू हो चुका है, जो दोपहर 12 बजे तक चलेगा। दरसल, इसके बाद ठीक 12 बजे से युवाओं के लिए सवाल-जवाब का खास सेशन रखा गया है, जिसमें युवा अपने मन की बात कह सकेंगे। फिर दोपहर 12:15 बजे समापन संबोधन होगा और 12:30 बजे यह पूरा कार्यक्रम समाप्त हो जाएगा, जिसमें युवाओं को जीवन और संस्कारों का नया पाठ सीखने को मिलेगा।











