कोरिया में नाचा कार्यक्रम में सरकारी कर्मचारी पर नोट उड़ाने का आरोप, विभाग ने मांगा जवाब

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में आयोजित एक नाचा कार्यक्रम के दौरान रोजगार सहायक द्वारा बारबाला पर नोट उड़ाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आ गया है।
मामला सोनहत ब्लॉक के पोड़ी क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां ग्राम पंचायत पोड़ी में फुटबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर कोरबा जिले से नाचा मंडली बुलाई गई थी। कार्यक्रम में बारबाला के नृत्य के दौरान रोजगार सहायक कथित रूप से नशे की हालत में नोट उड़ाते नजर आए। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति भी महिला कलाकार को नाचने के लिए उकसाता हुआ दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रोजगार सहायक से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है और जनपद कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार की है। इससे पहले भी राज्य के विभिन्न जिलों में अश्लील नृत्य और सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गई थी।
प्रशासन का कहना है कि ऐसे आयोजनों में मर्यादा और नियमों का पालन जरूरी है। किसी भी तरह की अनुशासनहीनता या सरकारी पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।











