ग्वालियर पुलिस ने बंद होटल के कमरों में बने गोदाम से जब्त किये अवैध पटाखे, दो दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई


दिवाली को देखते हुए ग्वालियर पुलिस अवैध पटाखा भंडारण को लेकर बहुत सतर्क और सख्त है, पुलिस लगातार चैकिंग अभियान चला रही है और एक्शन ले रही है, इसी क्रम में आज जनकगंज थाना पुलिस ने चावड़ी बाजार क्षेत्र में बंद पड़े एक होटल के कमरों से अवैध पटाखे जब्त किये हैं, दो दुकानदार होटल के कमरों का इस्तेमाल गोदाम एक रूप में कर रहे थे उनके खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया गया है।
ग्वालियर के प्रभारी पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को पटाखों और आतिशबाजी के अवैध भंडारण, अवैध बिक्री, प्रतिबंधित पटाखे, कार्बाइड गन पर पैनी नजर बनाये रखने और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी एसपी ने स्पष्ट किया है कि शासन के निर्देश हैं कि अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा, इसलिए सभी अधिकारी अलर्ट रहें।
इसी क्रम में आज जनकगंज थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चावड़ी बाजार स्थित बंद मेट्रो होटल के पास शिवम होटल के कमरों में राजेश बजाज एवं विक्रम वाधवानी नामक व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री पटाखे आदि रखे गये हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम होटल पर पहुंची।
दुकानदारों पर नहीं मिला बिक्री का वैध लाइसेंस
जनकगंज थाना टीआई प्रवीण कुमार शर्मा फ़ोर्स के साथ होटल पहुंचे और दोनों व्यक्तियों को बुलाकर उनके कब्जे वाले कमरों की तलाशी ली। पुलिस तलाशी के दौरान दोनों कमरों में बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पूछताछ में दोनों व्यक्तियों ने उक्त कमरे किराये पर लेकर उनमें सामान रखने की बात बताई। पटाखों के भंडारण एवं विक्रय संबंधी वैध लाइसेंस मांगे जाने पर दोनों कोई लाइसेंस नहीं दिखा सके।
दोनों दुकानदारों के कब्जे से अवैध पटाखे जब्त
दुकानदारों पर पटाखों को बेचने का वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने उन्हें जब्त कर लिया, पुलिस ने दुकानदार राजेश बजाज के कब्जे से सुतली छोटे बम, मिर्ची पटाखे, बिजली के नाम से लाल मिर्ची पटाखे, बेबी रॉकेट, छोटे एवं मीडियम अनार तथा लैला-मजनू सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किये जिसकी अनुमानित कीमत 43,050 रुपये बताई गई है और उसके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम का पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने दुकानदार विक्रम वाधवानी के कब्जे से कृष्णा टू साउंड, सुपर बुलेट बम, मिनी बुलेट बम, फ्लावर पॉट अनार, लैला-मजनू एवं बेबी रॉकेट सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किये जिसकी अनुमानित कीमत 27,400 रुपये बताई गई है पुलिस ने आरोपी दुकानदार विक्रम वाधवानी के विरुद्ध भी विस्फोटक पदार्थ अधिनियम का पंजीबद्ध कर जाँच में ले लिया।
पुलिस ने शहर के लोगों से की ये अपील
पुलिस ने दोनों दुकानदारों के कब्जे से कुल 70,450 रुपये कीमत की विस्फोटक एवं ज्वलनशील पटाखा सामग्री जब्त की है । पुलिस ने जब्ती की गई सामग्री की वीडियोग्राफी कराते हुए सामग्री को सीलबंद किया। ग्वालियर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री का भंडारण या विक्रय न करें। ऐसे अवैध भंडारण से आगजनी एवं गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।











