रायपुर-दुर्ग में तेज बारिश, अंधेरा छाया:अंबिकापुर में भी बदला मौसम, यूपी में बने सिस्टम से छत्तीसगढ़ में आंधी-तुफान बिजली गिरने का अलर्ट

यूपी से ओडिशा तक बनी ट्रफ लाइन के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम बदला हुआ है। शनिवार शाम रायपुर, दुर्ग और अंबिकापुर में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है। राजधानी के कई इलाकों में इस दौरान अंधेरा भी छाया रहा। भिलाई में आंधी तुफान के बाद छींटे पड़े।
मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। प्रदेश में अगले 2 दिनों तक कुछ जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। हालांकि 11 मई के बाद आंधी-तूफान की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं।
सबसे ज्यादा राजनांदगांव गर्म रहा
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। शुक्रवार को प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
2-3 डिग्री बढ़ेगा तापमान
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। आने वाले दो दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम विभाग ने पहले ही जताई थी संभावना
मौसम विभाग ने पहले ही संभावना जताई थी कि, रायपुर में आज बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।











