सीधी में हाई वोल्टेज ड्रामा: नशे में युवक चढ़ा हाई टेंशन टावर पर, 5 घंटे बाद रेस्क्यू

सीधी: जिले के मझौली थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक नशे की हालत में हाई टेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया. करीब 5 घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया. यह घटना दोपहर 1 बजे के आसपास चुवाही-करमाई रोड स्थित बम्हनमरा टोला में हुई.

युवक की पहचान शहडोल जिले के खारी देवरी निवासी अमर सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है. वह मझौली में अपने ससुराल आया हुआ था. बताया जा रहा है कि अपने साले (पत्नी के भाई) से किसी बात पर अनबन और नशे की अधिकता की वजह से वह नाराज होकर घर से निकला और पास ही महुआ पानी क्षेत्र में स्थित टावर पर चढ़ गया.

5 घंटे तक प्रशासन की सांसें अटकी रहीं

जैसे ही ग्रामीणों ने युवक को टावर पर देखा, इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा, तहसीलदार दिलीप सिंह और डॉ. राकेश तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने उसे काफी देर तक नीचे उतरने की समझाइश दी, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था. मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन पावरग्रिड की टीम को भी बुलाया गया ताकि बिजली सप्लाई से कोई बड़ा हादसा न हो जाए.

सुरक्षित रेस्क्यू पर ली राहत की सांस

शाम करीब 7:00 बजे, प्रशासन और पावरग्रिड टीम की लगातार कोशिशों और सुरक्षा उपायों के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि युवक नशे में था, जिसके कारण वह टावर पर चढ़ने की स्पष्ट वजह नहीं बता पाया है. युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद प्रशासन और वहां मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.

close