शाहरुख खान की ‘किंग’ का कितना काम हुआ पूरा? ऐसी है अगले शेड्यूल की तैयारी, फैन्स को मिलेगा सरप्राइज

शाहरुख खान की अगली फिल्म ‘किंग’ है, जो 24 दिसंबर, 2026 को रिलीज होगी. यह इस साल की मच अवेटेड फिल्मों में से एक है, जिसका सबको बेसब्री से इंतजार है. फिल्म में शाहरुख खान के अपोजिट अभिषेक बच्चन हैं, जो विलेन बन रहे हैं. साथ ही इस पिक्चर से सुहाना खान थिएट्रिकल डेब्यू करने जा रही हैं. कुछ वक्त पहले ही फिल्म के कई सीन्स और वीडियो लीक हो गए थे, जिसमें शाहरुख और दीपिका पादुकोण एक साथ नजर आए थे. फिल्म को सिद्धार्थ आनंद बना रहे हैं और अब नया अपडेट भी सामने आ गया है. पांच महीनों में फिल्म को रिलीज कर दिया जाएगा. इसी बीच पता लगा कि एक्शन थ्रिलर फिल्म की आखिरी शूटिंग के लिए बातचीत चल रही है, जो कि विदेश में होगी. अमेरिका में या फिर साउथ अमेरिका, कहां मेकर्स ने प्लानिंग की है?
शाहरुख खान की 2023 के बाद से ही कोई भी फिल्म रिलीज नहीं हुई है. ऐसे में अब ‘किंग’ को लेकर तगड़ा बज बना हुआ है. हाल ही में मिड डे पर एक रिपोर्ट छपी. जिससे पता लगा कि डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद की एक्शन-पैक्ड फिल्म KING का काम अब फाइनली आखिरी शेड्यूल तक पहुंच गया है. वहीं, आखिरी हिस्से की शूटिंग के लिए लोकेशन अबतक तय नहीं की गई है, फिलहाल एक टीम अभी रेकी कर रही है. जी हां, बस अब एक इंटरनेशनल शेड्यूल बाकी रह गया है.
शाहरुख की ‘किंग’ पर आया धांसू अपडेट
इसी रिपोर्ट से यह भी पता लगा कि, किंग की टीम अभी अमेरिका में है. जहां न सिर्फ लोकेशन देख रही है, बल्कि लॉजिस्टिक्स पर भी काम कर रही है. हालांकि, अब तक फिल्म का ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है. दरअसल लोकेशन फाइनल करने से पहले पूरी टीम साउथ अमेरिका के कुछ हिस्सों का दौरा करेगी. अगर सब कुछ प्लानिंग के मुताबिक रहा, तो शूटिंग खत्म करने से पहले यूनिट अगले महीने वहां जाएगी. हालांकि, अबतक आखिरी शेड्यूल को लेकर मेकर्स की तरफ से कोई भी ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है.
कहा जा रहा है कि फिल्म के ज्यादातर हिस्से पहले ही कंप्लीट किए जा चुके हैं. हालांकि, अब जो आखिरी शेड्यूल की शूटिंग होनी है, वो एक अहम हिस्से के लिए होगी. रिपोर्ट से पता लगा कि शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद इस शेड्यूल के लिए ऐसी जगह चाहते हैं, जहां पहले शूटिंग न हुई हो, ताकी फिल्म में कुछ नया दिखाया जा सके. देखना होगा कि क्या शाहरुख खान 2023 वाला कारनामा फिर से कर पाएंगे, क्या किंग पुराने बड़े रिकॉर्ड्स को तोड़ पाएगी?











