भिलाई में ब्रेकअप से बौखलाया युवक: महिला पर फेंका बैटरी का पानी, हमले में दो मासूम बच्चों पर भी पड़े छींटे

भिलाई, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के भिलाई में नंदिनी नगर थाना क्षेत्र से महिला पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने बातचीत बंद होने से नाराज होकर करीब 35 वर्षीय महिला पर बैटरी का पानी फेंक दिया। घटना में महिला के साथ मौजूद दो बच्चों पर भी रासायनिक पदार्थ के छींटे पड़े हैं।
घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। महिला दुर्ग से धमधा की ओर जल चढ़ाने जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उस पर बैटरी का पानी फेंक दिया। हमले में घायल दोनों बच्चों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छह महीने पहले एक साथ करते थे काम
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी और पीड़िता एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों करीब छह महीने पहले एक ही कंपनी में साथ काम करते थे। पिछले कुछ समय से महिला ने युवक से बातचीत बंद कर दी थी, जिससे वह नाराज चल रहा था।
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जांच की जा रही है कि वारदात पहले से सुनियोजित थी या गुस्से में अचानक हमला किया गया।
पुलिस हमले में इस्तेमाल किए गए रासायनिक पदार्थ और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।











