बिलासपुर बाल सुधार गृह में संदिग्ध मौत: 18 साल के युवक की जान गई, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

बिलासपुर, 18 अगस्त 2026। सरकंडा स्थित बाल सुधार गृह में 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान शुभम अगरिया के रूप में हुई है, जो रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ क्षेत्र के किरमिडांड गांव का रहने वाला था। वह दुष्कर्म के मामले में 15 अगस्त को बाल सुधार गृह लाया गया था।

जानकारी के मुताबिक, बाल सुधार गृह पहुंचने के कुछ ही दिनों बाद शुभम की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आवश्यक कार्रवाई की और मृतक के परिजनों को भी सूचना दी।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पहले भी उठ चुके हैं सुरक्षा पर सवाल

बिलासपुर के इसी बाल सुधार गृह में इससे पहले भी गंभीर घटना सामने आ चुकी है। यहां चार बंदियों ने एक कर्मचारी की हत्या कर फरार होने की घटना को अंजाम दिया था। हालांकि बाद में पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ लिया था।

उस घटना के बाद भी बाल सुधार गृह की सुरक्षा और बंदियों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे। अब 18 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत के बाद एक बार फिर बाल सुधार गृह की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com