बिलासपुर में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलटी, युवती कार छोड़कर फरार

बिलासपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। एक ओर मंगला चौक से उसलापुर जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई, वहीं दूसरी ओर रतनपुर मार्ग पर अचानक बंदर के बाइक पर कूदने से दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए।
डिवाइडर से टकराकर पलटी कार
जानकारी के अनुसार, मंगला चौक से उसलापुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार तड़के 4 से 5 बजे के बीच अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई। हादसे में कार चला रही युवती को मामूली चोटें आईं।
हादसे के बाद कार छोड़कर भागी युवती
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद युवती कार को मौके पर ही छोड़कर निकल गई। बताया जा रहा है कि वह कुछ दूरी तक पैदल गई और फिर एक युवक की बाइक पर बैठकर वहां से चली गई।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस वाहन के मालिक और हादसे के समय कार चला रही युवती की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।
बंदर के अचानक कूदने से बाइक अनियंत्रित
इधर, बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर लखराम के पास एक अलग हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, कोनी के बनियाडीह निवासी कन्हैया पाटले अपनी पत्नी के साथ किसी काम से रतनपुर गए थे और शाम को वापस घर लौट रहे थे।
सड़क किनारे से आया बंदर, बाइक से गिरा दंपती
लखराम के पास अचानक सड़क किनारे से एक बंदर उनकी बाइक पर कूद पड़ा। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। हादसे में पति-पत्नी दोनों को गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में जारी है इलाज
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।











