बिलासपुर में ठगों ने बुजुर्ग महिला से दो लाख के गहने उड़ाए, सुरक्षा का झांसा देकर वारदात को दिया अंजाम

बिलासपुर में ठगों ने एक 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बातों में फंसाकर करीब दो लाख रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। आरोपियों ने पहले शहर में बढ़ती चोरी और लूट की घटनाओं का डर दिखाया, फिर जेवर सुरक्षित रखने का बहाना बनाकर उनसे कंगन और अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद कागज की पोटली थमाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

पीड़िता विद्या मोटवानी बाजार से सब्जी खरीदकर लौट रही थीं। इसी दौरान दो युवकों ने बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने उनसे बातचीत शुरू की। कुछ देर बाद एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया और तीनों ने मिलकर महिला का विश्वास जीत लिया।

सुरक्षा का झांसा देकर उतरवाए गहने

आरोपियों ने महिला को बताया कि शहर में लूटपाट की घटनाएं बढ़ गई हैं और खुले में सोने के जेवर पहनना सुरक्षित नहीं है। इसके बाद उन्होंने महिला को ऑटो में बैठाकर पानी पिलाया और जेवर कपड़े में बांधकर सुरक्षित रखने की सलाह दी।

महिला आरोपियों के झांसे में आ गईं और अपने हाथ का सोने का कंगन तथा अंगूठी उन्हें सौंप दी। आरोपियों ने कपड़े में बांधने का नाटक किया और कागज की पोटली वापस थमा दी। कुछ दूरी पर महिला को ऑटो से उतारकर वे फरार हो गए। महिला के एक हाथ में सूजन होने के कारण दूसरा कंगन नहीं निकल सका, जिससे वह बच गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवक महिला से बातचीत करते दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को आशंका है कि वारदात में ऑटो चालक की भी भूमिका हो सकती है। इसी एंगल से भी जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले सरकंडा क्षेत्र में भी ऑटो में सफर कर रही एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी होने की घटना सामने आई थी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com