Instagram से शुरू हुई मोहब्बत का खौफनाक अंत: 4 साल की गर्लफ्रेंड का दुपट्टे से गला घोंटा, 24 घंटे में प्रेमी गिरफ्तार

रायपुर, 06 अगस्त 2026

राजधानी रायपुर में एक युवती की हत्या की गुत्थी को खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि चार साल पुराने प्रेम संबंध में आई दरार और युवती के चरित्र पर संदेह के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। उसने पहले युवती के मुंह में दुपट्टा ठूंसकर उसी से गला घोंटा और फिर मौत सुनिश्चित करने के लिए उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो गले पर दबाव और चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मृतका की पहचान 19 वर्षीय नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन के रूप में हुई। पूछताछ में युवती के माता-पिता ने उसके प्रेमी करण तांडी (23) पर शक जताया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर उसे हिरासत में लिया। पहले वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब चार साल पहले उसकी नंदिनी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों करीब छह महीने तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। बाद में अलग रहने के बाद आरोपी को युवती के चरित्र पर शक होने लगा, जिससे दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

आरोपी ने बताया कि 3 अगस्त की शाम उसने नंदिनी को मिलने के बहाने डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र बुलाया। सुनसान जगह पर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने पहले दुपट्टा युवती के मुंह में ठूंस दिया, फिर उसी से गला घोंट दिया। इसके बाद उसका सिर पानी से भरे खेत में डुबो दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com