बिहार: बक्सर में 12 छात्राओं से रेप, महीनों तक नोंचा, फिर वीडियो किया वायरल… दो टीचर सस्पेंड

बिहार के बक्सर जिले से एक बहुत ही सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां दो शिक्षकों पर करीब 12 नाबालिग छात्राओं के साथ रेप करने और उनका वीडियो वायरल करने का आरोप लगा है. शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने की ये घटना प्रदेश के डुमरांव प्रखंड में हुई. आरोप है कि यहां के दो शिक्षकों ने 12 छात्राओं के साथ रेप किया और फिर उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों आरोपी शिक्षकों को जमकर पीट दिया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद हालात को काबू में किया जा सका. दोनों आरोपी शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. जिला शिक्षा विभाग ने मामले की गंभाीरता को समझते हुए ये कार्रवाई की है.
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. छापेमारी की जा रही है. तीन दिन पहले इस घटना का वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों को मामले का पता चला. जबकि पिछले कई महीनों से आरोपी शिक्षक छात्राओं को हवस का शिकार बना रहे थे. साथ ही उनका अश्लील वीडियो भी बना रहे थे.
एसपी शुभम आर्या और प्रभारी डीएसपी ने क्या बताया?
ग्रामीण इस घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित हो उठे और स्कूल पहुंचकर दोनों शिक्षकों को घेर लिया और उनकी पिटाई कर दी. कृष्ण ब्रह्म थाने की पुलिस ने परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. बक्सर के एसपी शुभम आर्या और प्रभारी डीएसपी समीर कुमार सिंह के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों को आधार बनाकर पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.











