सुपौल में जेवर-नकदी समेत करीब 5 लाख की संपत्ति चोरी, ग्रिल तोड़कर अंदर घुसे थे चोर…

सुपौल: जिले के विशनपुर वार्ड नंबर 11 में एक घर में भीषण चोरी की घटना रविवार को सामने आया है. चोरों ने गृहस्वामी सूर्यनारायण साह के घर को निशाना बनाते हुए जेवरात, कपड़े और नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूर्यनारायण शाह किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे. देर रात घर में केवल एक बुजुर्ग महिला अपनी नातिनी के साथ मौजूद थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर थे. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर की खिड़की का ग्रिल तोड़ दिया और अंदर घुस गए. इसके बाद घर में रखे कीमती जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी कर आराम से फरार हो गए.
जब परिजन जागे तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए.
अलमारी और बक्से खुले पड़े थे तथा कीमती सामान गायब था. घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया. आनन-फानन में परिवार वालों ने पिपरा थाना पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है.
इस संबंध में पिपरा थानाध्यक्ष राजेश झा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है.











