दुतकैय्या हिंसा मामले में मुस्लिम जमात ने आरोपी को सपरिवार जिलाबदर करने की उठाई मांग

गरियाबंद जिले के दुतकैय्या गांव में हुई हिंसक घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। इसी बीच मुस्लिम जमात ने आरोपी आरिफ खान को परिवार समेत गांव और जिले की सीमा से बाहर करने की मांग की है। इस संबंध में राजिम नवापारा में आयोजित बैठक में कई अहम फैसले लिए गए।
इत्तेहाद कमेटी एवं मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अल्तमश सिद्दिकी ने बताया कि आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपी और उसके परिवार को जिले से बाहर किया जाए।
जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी को दुतकैय्या गांव में हुई सिलसिलेवार हिंसक घटनाओं के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। बताया गया है कि बावेश्वर शिव मंदिर तोड़फोड़ मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद आरिफ खान ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते कई स्थानों पर हिंसक वारदातों को अंजाम दिया।
घटना के बाद हिंदू संगठनों ने भी मौके का निरीक्षण कर प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपी को संरक्षण मिल रहा है।
मुस्लिम जमात ने बैठक में यह भी निर्णय लिया कि आगजनी और हिंसा से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही संकट के समय लोगों को सुरक्षित निकालने में पुलिस प्रशासन की भूमिका की सराहना की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।











