यूपी में पुलिस ने काटा बाइक का चालान तो लाइनमैन ने काटी चौकी की बिजली

उत्तर प्रदेश : विद्युत संविदा कर्मी की बाइक का चालान दो बार किए जाने से नाराज लाइनमैन ने बिडौली पुलिस चौकी की बिजली काट दी.बिजली की लाइन जोड़ने को लेकर चौकी इंचार्ज व लाइनमैन के बीच नोकझोंक हुई.इसका ऑडियो वायरल हो रहा है.
कमालपुर बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन रिजवान और पेट्रोलमैन आशु विद्युत लाइनों की पेट्रोलिंग पर निकले थे.उनकी बाइक में पेट्रोल खत्म होने पर आशु निवासी अजीजपुर पुल के पार स्थित पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने चले गए. लाइनमैनों का आरोप है कि पेट्रोल पंप जाते व आते समय बिडौली चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बाइक की फोटो खींचकर बिना हेलमेट के एक-एक हजार के दो चालान कर दिए.
इसकी जानकारी कर्मचारियों को मोबाइल फोन पर आए मेसेज से मिली.दो चालान होने जाने से नाराज विद्युत कर्मचारी रिजवान, रविंद्र कुमार, सुनील, कुलदीप, रामकिशोर, लखविंदर आदि शुक्रवार दोपहर बाद बिडौली चौकी पहुंचे और आपत्ति दर्ज कराई। इसके बाद लाइनमैनों ने पुलिस चौकी की विद्युत सप्लाई काट दी.
इसकी जानकारी उन्होंने विभाग के जूनियर इंजीनियर संजीव सौरभ को दी.उधर, चौकी इंचार्ज ने लाइनमैन रिजवान को फोन कर लाइन में फाल्ट को ठीक करने को कहा, लेकिन रिजवान ने आने से इंकार कर दिया.दोनों के बीच फोन पर नोकझोक हुई, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
लाइनमैनों का आरोप है कि बिडौली चौकी पर कई वर्ष से बिना मीटर और बिना वैध विद्युत कनेक्शन के बिजली का उपयोग किया जा रहा था. बिडौली चौकी प्रभारी का कहना है कि पहले चौकी पर विद्युत कनेक्शन नहीं था.पूर्व में भी विद्युत कर्मियों द्वारा लाइन काटी जा चुकी थी.अब विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन कर दिया है और चौकी व मंदिर की बिजली लाइन को वैध रूप से जुड़वा लिया गया है.











