औरंगाबाद में अनियंत्रित ऑटो पलटा, दबकर इंटर के छात्र की मौत, दो घायल

औरंगाबाद: मदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कठवर टोला बंगला के समीप एसएच 101 पर अनियंत्रित होकर सीमेंट लदे ऑटो के पलटने से  ऑटो पर सवार एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के पेमा गांव निवासी संतोष सिंह के 16 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में की गई. जबकि दुर्घटना में घायल हुए लोगों की पहचान पेमा गांव निवासी कृष्ण सिंह का पुत्र शिवमंगल (17) और पटौधी गांव निवासी मजदूर दिनेश राम के रूप में की गई.

मृतक के पिता संतोष सिंह ने बताया कि उनका पुत्र रोहित 11 वीं का छात्र था. प्लस टू उच्च विद्यालय मनिका में उसका नामांकन था. वह देव स्थिति कोचिंग संस्थान में पढ़ाई करने जाता था. प्रतिदिन की तरह शनिवार को अपने दोस्त शिवमंगल के साथ घर से टयूशन जाने के लिए निकला था.

जैसे ही एसएच 101 पर पहुंचा, गांव का ही सौरभ अपने टेंपो पर सीमेंट लाद कर देव की ओर जा रहा था। उनका पुत्र रोहित और शिवमंगल टेंपो रुकवा कर उसमें सवार हो गए.

जैसे ही टेंपो उक्त स्थल से 500 मीटर आगे पहुंचा, अत्यधिक लोड और तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया. जिसमें दोनों छात्र व मजदूर दब गए। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें किसी तरह निकाला तथा घटना की जानकारी परिजनों को दिया.

सूचना मिलते ही परिजन आनन – फानन में घटनास्थल पर पहुंचे तथा तीनों घायलों को इलाज के लिए देव स्थित सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने रोहित और दिनेश राम की स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया.

औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद सदर अस्पताल में परिजन शव से लिपटकर चीत्कार उठे. सदर अस्पताल में किशोर की मौत की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस वहां पहुंची तथा शव को कब्जे में लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई.

प्रभारी थाना अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा।टेम्पो पर सवार मजदूर दिनेश राम सीमेंट लोडिंग का काम करता था. दुर्घटना में उसका एक पैर टूट गया है. फिलहाल सदर अस्पताल में भर्ती करो उसका इलाज जारी है। वहीं देव स्थित सामुदायिक अस्पताल में शिवमंगल का इलाज चल रहा है.

मृतक रोहित अपने तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार वालों को उससे काफी उम्मीदें थी. लेकिन इस घटना ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है. घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। वहीं पेमा गांव में मातम का माहौल है.

jagjaahir desk

जगजाहिर में स्पोर्ट्स बीट पर काम कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, टेनिस, बैडमिंटन और एथलेटिक्स गेम्स के मामलों पर काफी अच्छी पकड़ रखते हैं। हमारे पास विभिन्न मुद्दों पर लिखने का 8 साल से अधिक समय का अनुभव है। पत्रकारिता के अपने इस करियर में कई बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स जिसमें साल 2015 और 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप, आईपीएल और फुटबॉल वर्ल्ड कप को कवर किया है।
close
Virus-free.www.avast.com