“कोटवार नियुक्ति मामले में किसी की भावना को ठेस पहुंचाना हमारा मकसद नहीं”

रायपुर: हाल ही में वयम् भारत डॉट कॉम पर कोटवार नियुक्ति से संबंधित उच्च न्यायालय बिलासपुर के एक निर्णय पर आधारित समाचार प्रकाशित किया गया था. इस समाचार को लेकर कुछ संगठनों द्वारा आपत्ति व्यक्त की गई है.
इस संबंध में हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि प्रकाशित समाचार उपलब्ध न्यायालयीन दस्तावेजों और सार्वजनिक स्रोतों के आधार पर तैयार किया गया था. समाचार का उद्देश्य केवल न्यायालय के निर्णय से संबंधित जानकारी आमजन तक पहुंचाना था.
किसी की छवि धूमिल करने का कोई उद्देश्य नहीं
समाचार के प्रकाशन का उद्देश्य किसी भी वर्ग, समुदाय अथवा पद पर कार्यरत व्यक्तियों की छवि को धूमिल करना या उनकी मान-मर्यादा को ठेस पहुंचाना नहीं था. यदि समाचार के किसी शीर्षक, पंक्ति या प्रस्तुति को लेकर किसी पक्ष को आपत्ति है, तो संबंधित पक्ष का अधिकृत स्पष्टीकरण या तथ्यात्मक पक्ष प्रकाशित करने के लिए हमारा मंच सदैव खुला है.
तथ्यों के प्रकाशन के लिए प्रतिबद्ध
पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को तथ्यात्मक, संतुलित और सत्यापित जानकारी उपलब्ध कराना है. इसी भावना के साथ यह समाचार प्रकाशित किया गया था. यदि किसी प्रकार की तथ्यात्मक त्रुटि या भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई है, तो उसे सुधारने और संबंधित पक्ष का पक्ष प्रकाशित करने के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. हम सभी सामाजिक संगठनों और आमजन से अपील करते हैं कि किसी भी विषय पर संवाद, तथ्य और आपसी समझ के आधार पर समाधान की दिशा में आगे बढ़ें.











