जशपुर के वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा का निधन : 50 साल की पत्रकारिता का सफर थमा, मणिकर्णिका घाट पर होगी अंत्येष्टि

पत्थलगांव, 17 अगस्त 2026। जशपुर जिले के वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा का सोमवार सुबह 5 बजे निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत और समाज में शोक की लहर है। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे शर्मा ने अंतिम समय तक पत्रकारिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी।

रमेश शर्मा करीब पांच दशकों तक निष्पक्ष और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता के मजबूत स्तंभ रहे। उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन में देश के कई प्रमुख समाचार पत्रों के साथ काम किया। इसके अलावा वे समाचार एजेंसी वार्ता और IBC24 से भी जुड़े रहे।

80 और 90 के दशक में उन्होंने जशपुर और सरगुजा के दूरस्थ इलाकों की रिपोर्टिंग की, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक स्थान मिला। अविभाजित मध्य प्रदेश के दौरान वे अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार रहे। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद उन्होंने अधिमान्यता समिति के सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।

बीमारी के बावजूद पिछले कुछ दिनों तक उनकी लेखनी सक्रिय रही। उनका निधन पत्रकारिता जगत के साथ-साथ समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन पर पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

रमेश शर्मा की अंत्येष्टि वाराणसी के मणिकर्णिका घाट में की जाएगी। शोकाकुल परिवार, परिजनों और शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com