जसप्रीत बुमराह ने खोला राज, बताया लॉर्ड्स में क्यों नहीं मनाया 5 विकेट हॉल का जश्न

टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने लॉर्ड्स में जारी इंडिया वर्सेस इंग्लैंड तीसरे टेस्ट में एक बार फिर पंजा खोला। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट हॉल लेने के बाद बुमराह को वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते एजबेस्टन में आराम दिया गया था। अब तीसरे मैच में जब उनकी वापसी हुई तो लॉर्ड्स में अपना जादू बिखेरते हुए उन्होंने एक बार फिर पंजा खोला। इस 5 विकेट हॉल के साथ उनका नाम लॉर्ड्स के ओनर्स बोर्ड पर लिखा जाएगा। हालांकि बुमराह ने लॉर्ड्स में अपने 5 विकेट हॉल का जश्न नहीं मनाया। मैच के बाद उन्होंने बताया कि क्यों उन्होंने ऐसा किया।

IND vs ENG तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद जब जसप्रीत बुमराह से पूछा गया कि उन्होंने लॉर्ड्स में 5 विकेट हॉल लेने के बाद जश्न क्यों नहीं मनाया तो भारीतय गेंदबाज ने जवाब में कहा कि वह थक गए थे और वह अब 21-22 साल के खिलाड़ी नहीं है जो इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद उछलते फिरे।

बुमराह ने मुस्कुराते हुए कहा, “मैंने वहां जश्न नहीं मनाया क्योंकि मैं थका हुआ था। मैं 21-22 साल का नहीं हूं कि उछल-कूद करूं। मैं बस अपने मार्क पर वापस जाकर फिर से गेंदबाजी करना चाहता था।”

बुमराह ने इंग्लैंड की पहली पारी में हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स और जो रूट के रूप में बड़े विकेट चटकाए। इसके अलावा उन्होंने क्रिस वोक्स व जोफ्रा आर्चर को पवेलियन का रास्ता दिखा टेस्ट करियर का 15वां 5 विकेट हॉल लिया। यह पहला मौका था जब ‘क्रिकेट का मक्का’ कहे जाने वाले लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर वह पंजा खोलने में कामयाब रहे।

इस उपलब्धि पर बुमराह ने कहा, “ऑनर्स बोर्ड में शामिल होना अच्छी बात है। अपने बेटे को इसके बारे में बताना अच्छा रहेगा।”

बता दें, इंग्लैंड ने पहली पारी में जो रूट के शतक के दम पर 387 रन बोर्ड पर लगाए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने भी इसके जवाब में 3 विकेट विकेट के नुकसान पर 145 रन बना लिए हैं। केएल राहुल अर्धशतक बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं, वहीं उनका साथ ऋषभ पंत दे रहे हैं। भारत अभी भी मेजबानों से 242 रन पीछे है।

close