सीतापुर में 1 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा जल्द, ओडिशा से बरामद हुए सोने-चांदी के जेवर

सरगुजा जिले के सीतापुर में ज्वेलरी दुकान संचालक से 1 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने ओडिशा के गंजाम इलाके से चोरी की गई ज्वेलरी बरामद की है। हालांकि, वारदात में शामिल आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं।

26 जुलाई को काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण कुमार सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग स्कूटी में लटका दिया था। इसी दौरान अज्ञात आरोपी स्कूटी से बैग निकालकर फरार हो गया। बैग में 800 ग्राम से अधिक सोने और करीब ढाई किलो चांदी के जेवर थे।

CCTV फुटेज से सामने आया गिरोह का सुराग

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें चार आरोपी वारदात में शामिल दिखाई दिए, जो दो बाइक से मौके से फरार हुए थे। जांच के दौरान आरोपियों के ओडिशा के एक गिरोह से जुड़े होने की जानकारी सामने आई।

पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की तलाश में ओडिशा पहुंचीं और लगातार दबिश दी। इसी दौरान गंजाम इलाके से चोरी की गई ज्वेलरी बरामद की गई। पुलिस ने बरामद जेवरों की तस्वीरें व्यवसायी के परिवार को भेजकर उनकी पहचान भी कराई है।

व्यापारियों ने किया था प्रदर्शन

घटना के बाद सीतापुर के व्यापारियों में नाराजगी थी। 1 करोड़ रुपए से अधिक की ज्वेलरी चोरी के विरोध में व्यापारी संघ ने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनिश्चितकालीन धरना भी शुरू किया था और नगर बंद का ऐलान किया था।

पुलिस ने बरामद ज्वेलरी को जब्त कर लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि चोरी हुए कुल जेवरों में से कितनी कीमत की ज्वेलरी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com