रोती रही, पर नहीं पसीजा दिल! पैदा होने के 13 घंटे बाद मासूम की हत्या… तीसरी बेटी होने से नाराज पिता ने अस्पताल में ही दबा दिया गला

राजस्थान की राजधानी जयपुर के दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित निम्स अस्पताल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां बेटे की चाहत में एक पिता ने अपनी महज 13 घंटे की नवजात बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना थाना क्षेत्र के बिछपड़ी निवासी 34 वर्षीय रवि कुमार यादव के रूप में हुई है. वह नीमराना की एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत है. रवि ने 27 जुलाई को अपनी पत्नी कोमल को प्रसव के लिए निम्स अस्पताल में भर्ती कराया था. 28 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बच्ची का जन्म हुआ. दंपती की पहले से दो बेटियां हैं और तीसरी संतान भी बेटी होने से आरोपी मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है.

रात में बच्ची का रोना बंद हुआ तो हुआ खुलासा

ऑपरेशन के बाद प्रसूता को आईसीयू में रखा गया था. ऐसे में नवजात बच्ची को रात करीब 12 बजे देखभाल के लिए उसके पिता के पास छोड़ दिया गया. अस्पताल कर्मियों के अनुसार रात करीब 3 बजे तक बच्ची के रोने की आवाज लगातार आ रही थी. लेकिन अचानक रोना बंद होने पर नर्सिंग स्टाफ को संदेह हुआ. जब स्टाफ ने बच्ची की जांच की तो वह मृत मिली. इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने आरोपी पिता से पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने बच्ची का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. नर्सिंग कर्मी सुनीता शर्मा की शिकायत पर चंदवाजी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद निम्स अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है. अस्पताल परिसर में नवजात की हत्या जैसी वारदात होने के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि वार्ड में पर्याप्त निगरानी क्यों नहीं थी. वहीं, मृत बच्ची के दादा मुरारी लाल अपनी पोती के शव को लेकर अस्पताल और थाने के बीच भटकते रहे, जिससे परिवार की पीड़ा और बढ़ गई.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

चंदवाजी थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि आरोपी रवि कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर उनकी जांच की जा रही है. बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com