बस्तर में रंगमंच की नई पटकथा: NSD की पहली आवासीय नाट्य कार्यशाला शुरू, 9 अगस्त को होगा भव्य मंचन

जगदलपुर, 30 जुलाई 2026
बस्तर में रंगमंच को नई दिशा देने के उद्देश्य से बस्तर एकेडमी ऑफ डांस आर्ट एंड लिटरेचर (बादल), आसना में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली के सहयोग से एक माह की आवासीय नाट्य कार्यशाला आयोजित की जा रही है। यह कार्यशाला 11 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक विस्तार कार्यक्रम के तहत संचालित हो रही है। आयोजन में संस्कार भारती छत्तीसगढ़ और एनएमडीसी का भी सहयोग प्राप्त है।
कार्यशाला में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की ओर से शिविर निदेशक भुनेश्वर महिलाने, सहायक निदेशक डॉ. आनंद कुमार पांडे तथा विशेषज्ञ भुनेश्वर यादव और पुनीत नंदा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। पूरी तरह आवासीय इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान और नई दिल्ली से आए युवा रंगकर्मी भाग ले रहे हैं। इसके साथ ही बस्तर के स्थानीय कलाकारों की भी सक्रिय सहभागिता है।

प्रतिदिन सुबह 7 बजे से प्रशिक्षण शुरू होता है, जिसमें शारीरिक अभ्यास, श्वास तकनीक, योग, रंगमंचीय खेल, अभिनय, कल्पनाशीलता और ध्यान के केंद्रीकरण जैसे विषयों पर अभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एक नाटक की प्रस्तुति के लिए भी तैयार किया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला के समापन पर 9 अगस्त को श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल), जगदलपुर में नाटक का मंचन किया जाएगा। उनका कहना है कि बस्तर में पहली बार इस स्तर की राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की आवासीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिससे स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों से सीखने और मंचीय प्रस्तुति का अवसर मिलेगा।











