शिवनाथ नदी में डूबने से केरल के युवक की मौत, दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था

दुर्ग जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में केरल के एक युवक की शिवनाथ नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान केरल के एर्नाकुलम जिले के निवासी आशिन ओएस के रूप में हुई है। वह भिलाई के सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में कार्यरत था।

साप्ताहिक अवकाश पर दोस्तों संग गया था नदी

जानकारी के अनुसार रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण आशिन अपने चार दोस्तों के साथ रसमढ़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में घूमने और नहाने पहुंचा था। उसके साथी नदी किनारे ही रहे, जबकि आशिन तैरना जानता था, इसलिए वह नदी में उतर गया।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि आशिन को नदी की गहराई का अंदाजा नहीं था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। कुछ ही क्षणों में वह पानी में ओझल हो गया। घटना को देख उसके दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई।

राहत दल ने निकाला बाहर, लेकिन नहीं बची जान

साथियों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में उसे सीपीआर भी दिया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद आशिन को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव थाना क्षेत्र की अंजोरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com