कुलगाम आतंकी हमले में मारे गए मजदूरों को मिलेगा 16-16 लाख का मुआवजा, सीएम उमर का ऐलान

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में दो गैर-स्थानीय मजदूरों की मौत हो गई. दोनों ही मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे. दहशतगर्दों की इस कायराना हरकत की सूबे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कड़ी निंदा करते हुए दुख जाहिर किया है. उन्होंने मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने का ऐलान किया है.
मुख्यमंत्री कार्यालय का तरफ से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया गया है, जिसमें कहा गया है ‘मुख्यमंत्री ने कुलगाम में दो मजदूरों की जघन्य हत्या की कड़ी निंदा की है और निर्दोषों की जान जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है’.
परिवार के प्रति जाहिर की संवेदना
इसके साथ ही ज़िला प्रशासन की ओर से भी पीड़ित परिवारों को 6-6 लाख की तत्काल सहायता देने का ऐलान किया गया है कि मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिया कि सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है.
आतंकी हमले में 2 मजदूरों की मौत
शुक्रवार को कुलगाम जिले के केल्लम इलाके में शाम को आतंकियों ने गैर-स्थानीय दो मजदूरों को निशाना बनाया था, जिसमें से एक ही उसी समय मौत हो गई थी. वहीं दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया था, जिसे GMC अनंतनाग अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे. उनकी पहचान दीपक कुमार और नाम बुपिंदर के रूप में हुई है. दीपक कुमार की शुक्रवार को मौत हो गई थी. वहीं बुपिंदर ने आज दम तोड़ दिया.
सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरा
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आतंकियों की तलाश जारी है. सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर ली है. हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. सुरक्षा बल इलाके में आने-जाने वाले सभी रास्तों पर निगरानी रखे हुए हैं. श्रीनगर शहर और दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. श्रीनगर में अतिरिक्त चेकपॉइंट बनाए गए वहीं कुलगाम में चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है.
इधर एलजी मनोज सिन्हा ने पुलिस के डीजीपी नलिन प्रभात को निर्देश दिया है कि वो जल्द से जल्द हमले के लिए जिम्मेदार आतंकियों को खत्म करें. वहीं बीजेपी प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने आतंकी हमले की निंदा की. उन्होंने इसको कायरतापूर्ण, बर्बर और अमानवीय करार दिया.











