LIVE UPDATE: रायपुर में आज PM मोदी का सुपर शेड्यूल, अस्पताल से लेकर विधानसभा तक करेंगे 6 बड़े उद्घाटन

रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आज एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नवा रायपुर पहुंचे, जहां उनका पूरा दिन कार्यक्रमों से भरा रहेगा. एयरपोर्ट से लेकर नवा रायपुर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं. सड़कों के दोनों ओर स्वागत बैनर, फूलों की सजावट और लोगों में उत्साह का माहौल इस दिन को खास बना रहा है.
पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
सुबह 9:40 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रायपुर एयरपोर्ट पहुंचें. इसके बाद सुबह 10:00 से 10:35 बजे तक वे सत्य साईं हॉस्पिटल का दौरा किया, जहां लगभग 2,500 बच्चों से मुलाकात और संवाद किए.
सुबह 10:45 से 11:30 बजे तक प्रधानमंत्री ब्रह्मकुमारी संगठन के शांति शिखर भवन का उद्घाटन किया, जो अध्यात्म और शांति के संदेश को समर्पित कार्यक्रम था.
सुबह 11:45 से 12:10 बजे तक मोदी भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया. इसके बाद दोपहर 12:15 से 1:15 बजे तक वे नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे, जिसे छत्तीसगढ़ के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया अध्याय माना जा रहा है.
दोपहर 1:30 से 2:15 बजे तक प्रधानमंत्री ट्राइबल म्यूज़ियम का शुभारंभ करेंगे, जहां राज्य की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपराएं और इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा.
अंत में दोपहर 2:30 से 4:00 बजे तक वे राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होकर जनता को संबोधित करेंगे. सभी आयोजन नवा रायपुर में ही होंगे, जिसे इस अवसर पर फूलों, झंडों और रोशनी से सजाया गया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के लोगों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनका ब्रह्मकुमारी संस्था से कई दशकों पुराना संबंध है और वे स्वयं को उसका हिस्सा मानते हैं. प्रधानमंत्री ने बताया कि चाहे माउंट आबू हो या गुजरात, वे हमेशा ब्रह्मकुमारी संगठन से जुड़े रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस संस्था में शब्दों से अधिक काम दिखाई देता है और उनके प्रयासों में सच्चाई और समर्पण झलकता है.
प्रधानमंत्री ने तीजन बाई के परिवार और विनोद कुमार शुक्ल से की बातचीत
प्रधानमंत्री मोदी ने छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक कलाकार और पद्म विभूषण सम्मानित तीजन बाई के परिवार से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. इसके साथ ही उन्होंने साहित्यकार और पद्म भूषण सम्मान प्राप्त विनोद कुमार शुक्ल से भी फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य और कुशलक्षेम की जानकारी प्राप्त की.











